हवाई सफर पर खतरे की घंटी : एयर इंडिया के 70 प्रतिशत विमानों में तकनीकी खराबी

  • Post By Admin on Feb 06 2026
हवाई सफर पर खतरे की घंटी : एयर इंडिया के 70 प्रतिशत विमानों में तकनीकी खराबी

नई दिल्ली : देश में हवाई यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। केंद्र सरकार ने संसद में बताया है कि राष्ट्रीय विमानन कंपनी एयर इंडिया के बेड़े की तकनीकी स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, एयर इंडिया के हर 10 में से करीब 7 विमानों में किसी न किसी तरह की तकनीकी खामी पाई गई है, जिससे यह साफ होता है कि कंपनी के लगभग 70 प्रतिशत विमान तकनीकी रूप से सुरक्षित स्थिति में नहीं हैं।

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि जनवरी 2025 से 3 फरवरी 2026 तक विभिन्न एयरलाइनों के कुल 377 विमानों में बार-बार तकनीकी खराबी दर्ज की गई है। इस अवधि में सबसे ज्यादा मामले एयर इंडिया के विमानों से जुड़े पाए गए।

मंत्री के अनुसार, एयर इंडिया के कुल 166 विमानों का विश्लेषण किया गया, जिनमें से 137 विमानों में लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आईं। यह अनुपात देश की अन्य सभी एयरलाइनों की तुलना में कहीं अधिक है। टाटा समूह की ही दूसरी एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस की स्थिति भी चिंताजनक रही, जहां 101 विमानों में से 54 में तकनीकी गड़बड़ी पाई गई।

देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो के 405 विमानों की जांच में 148 विमानों में बार-बार तकनीकी खामी दर्ज की गई। वहीं, स्पाइसजेट के 43 विमानों में से 16 और आकासा एयर के 32 विमानों में से 14 विमानों में भी तकनीकी समस्याएं सामने आईं।

सरकार ने यह भी बताया कि विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए द्वारा सुरक्षा मानकों की निगरानी के लिए कुल 3,890 निरीक्षण किए गए हैं। इन निरीक्षणों के दौरान नियमों के उल्लंघन या तकनीकी खामियों पर संबंधित एयरलाइनों को नोटिस जारी कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले तीन वर्षों में उड़ानों के दौरान आने वाली तकनीकी खराबियों की कुल संख्या में मामूली कमी आई है। साल 2024 में कुल 421 तकनीकी खराबी के मामले दर्ज हुए थे, जो 2023 में सामने आए 448 मामलों से कम हैं। इसके बावजूद एयर इंडिया के बेड़े की स्थिति को लेकर यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।