मुजफ्फरपुर : जिले के मालीघाट स्थित सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान में प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त और भारतीय सनातन संस्कृति के महान संवाहक आचार्य कुणाल किशोर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उनके निधन ने मुजफ्फरपुर के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समुदाय को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। संस्थान के संयोजक, प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील सरला ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य कुणाल किशोर का निधन बिहार के लिए एक भारी आघात है। आचार्य कुणाल किशोर ने अपनी पूरी जिंदगी समाज सेवा, धार्मिक चेतना और शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित की। उन्होंने गरीबों, वंचितों और उपेक्षित वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। खासकर महावीर मंदिर, पटना में उनके कार्यों के लिए, जो धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा के एक आदर्श केंद्र के रूप में स्थापित हुआ। आचार्य कुणाल किशोर भारतीय पुलिस सेवा के ख्यातिलब्ध अधिकारी थे और महावीर मंदिर, पटना के न्यासी के रूप में उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा। उनके कार्यों ने केवल धार्मिक क्षेत्र को प्रभावित नहीं किया, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए प्रेरणा स्रोत बने। उन्होंने सनातन धर्म के प्रति अपनी गहरी आस्था और मानवता के प्रति समर्पण का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके जीवन और कार्यों का प्रभाव अब भी स्थानीय समुदाय में महसूस किया जा रहा है।
आचार्य कुणाल किशोर के निधन पर मुजफ्फरपुर के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जगत के कई प्रमुख व्यक्तियों ने शोक व्यक्त किया। शोक व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक और कठपुतली कलाकार सुनील सरला, संस्थान की संरक्षक कांता देवी, चाईल्डसेफ के सचिव जयचंद्र कुमार, सरला श्रीवास युवा मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी, कठपुतली कला केन्द्र की सचिव प्रीति कुमारी, परफेक्ट सोल्यूशन सोसाइटी के सचिव अनिल कुमार ठाकुर, अमन चिल्ड्रेन स्कूल की प्राचार्य बबीता ठाकुर, लोक गायिका अनीता कुमारी और कलाकार चंदेश्वर राम शामिल थे।




















