बेगूसराय संग्रहालय में 24 से 31 जनवरी तक होगी विभिन्न प्रतियोगिता

  • Post By Admin on Jan 19 2023
बेगूसराय संग्रहालय में 24 से 31 जनवरी तक होगी विभिन्न प्रतियोगिता

बेगूसराय: संग्रहालय सप्ताह के अवसर पर इस वर्ष बेगूसराय संग्रहालय में 24 से 31 जनवरी तक स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत लेख प्रतियोगिता, स्थल चित्रांकन प्रतियोगिता एवं मूर्तिकला आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी के लिए बेगूसराय जिला मुख्यालय के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों से संग्रहालय प्रशासन संपर्क कर रहा है। सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने बताया कि 24 से 31 जनवरी तक आयोजित संग्रहालय सप्ताह के अवसर पर बेगूसराय संग्रहालय द्वारा स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। 24 जनवरी को पंचम से दशम वर्ग तक के बच्चों को खुद से बनाई गई पेंटिंग संग्रहालय में जमा करना है। 25 जनवरी को शराब बंदी से समाज पर प्रभाव विषय पर लेख प्रतियोगिता होगी। 26 जनवरी को छात्र-छात्रा संग्रहालय का परिभ्रमण करेंगे। 27 जनवरी को आज के युग में मोबाईल फोन की भूमिका विषय पर लेख प्रतियोगिता होगी। 28 जनवरी को स्वच्छ भारत विषय पर स्थल चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 29 जनवरी को मूर्तिकला चित्रांकन प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता की अंतिम कड़ी में 30 जनवरी को तृतीय से दशम वर्ग तक के बच्चों के लिए चित्रांकन के तहत अर्पण निर्माण प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 31 जनवरी को प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

माया कौशल्या फाउंडेशन के सचिव रौशन कुमार ने भी अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील किया है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय के लोहिया नगर गुमटी के समीप वर्षों से संचालित इस संग्रहालय में बड़े पैमाने पर ऐतिहासिक-पुरातात्विक वस्तुएं रखी गई है। लेकिन जानकारी के अभाव में लोग नहीं जान पा रहे हैं। संग्रहालय सप्ताह के अवसर पर इस प्रतियोगिता में भाग लेने से एक ओर बच्चों की प्रतिभा में निखार आएगी, तो दूसरी ओर वे संग्रहालय को देखकर अपने इतिहास और वर्तमान की तुलना कर ज्ञानवर्धक जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।