जयंती पर याद किए गए बेगूसराय के दो महान विभूति

  • Post By Admin on Jan 19 2023
जयंती पर याद किए गए बेगूसराय के दो महान विभूति

बेगूसराय: राजनीति के संत कहे जाने वाले पूर्व विधान पार्षद और शिक्षक नेता स्व. वासुदेव सिंह एवं वरिष्ठ पत्रकार स्व. राजेन्द्र पाठक को उनकी जयंती पर गुरुवार को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। शहीद सुखदेव सिंह समन्वय समिति के तत्वाधान में सर्वोदय नगर में बेगूसराय के इस दोनों महान हस्तियों की जयंती शिक्षक अमरेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आज शिक्षक नेता वासुदेव बाबू की 91 वीं जयंती है।आज ही के दिन 1932 में उनका जन्म बेगूसराय जनपद के वासुदेवपुर चांदपुरा में हुआ था। वह एक पक्के मार्क्सवादी नेता और शिक्षक जगत के संरक्षक थे। 1988 से 1992 तक बेगूसराय के विधायक रहे, 1996 से मृत्यु पर्यंत दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य रहे। वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र पाठक की आज 77 वीं जयंती है। उनका घर भले ही बेगूसराय के सुदूरवर्ती गांव तेघड़ा प्रखंड के अंबा में था। लेकिन बेगूसराय में पत्रकारिता के माध्यम से समाज के उत्थान में उन्होंने जो अमूल्य योगदान दिया, उसे बेगूसराय कभी भूल नहीं सकता है। विचार से वामपंथी और भाव से गांधीवादी समाजवादी वासुदेव सिंह और वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र पाठक अपने-अपने क्षेत्र में महान थे।