पटना : राष्ट्रीय प्रमाणित नर्स दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा राजधानी पटना के राजेन्द्र नगर इलाके में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शांडिल्य ने प्रकृति से खिलवाड़ के परिणामों पर विस्तृत चर्चा करते हुए वृक्षारोपण कार्य करने पर बल दिया।
राम बिलास शांडिल्य ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण हेतु धरती पर 33 % जंगल अनिवार्य है। परन्तु मानव जनसंख्या के अचानक वृद्धि के कारण मात्र 15 % ही जंगल बचा है। परिणामस्वरूप पर्यावरण असंतुलन हुआ है। ग्लोबल वार्मिंग से प्राकृतिक जल श्रोत नदियां, कुआँ, तालाब सूखने के कगार पर है। मई-जून के महीने में जल स्तर काफी नीचे हो जायेगा। भविष्य में पीने योग्य पानी हेतु विश्व युद्ध होगा। इस परिस्थिति से संसार के मानव को बचने हेतु वृक्षारोपण अभियान चलाना होगा। पेड़-पौधे जड़ों में जल का संचय करते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन हेतु वनों की सुरक्षा अति आवश्यक है। उत्तराखंड के सुन्दर लाल बहुगुणा के जैसा दुनियाभर में चिपको आंदोलन चलाकर वृक्षों को बचाना होगा। जंगल की सुरक्षा से ही धरती की रक्षा संभव है। पर्यावरण और धरती बचेगी तब ही मानव जीवन बचेगा। पर्वत का निर्माण हजारों वर्षों में हुआ है। परन्तु शहरीकरण के कारण चेन्नई शहर के निकट पर्वत को काट दिया गया। फलस्वरुप चेन्नई में पीने योग्य जल का अभाव हो गया। दिल्ली जैसे महानगर में पोलिथीन के उपयोग के कारण कचड़े का पहाड़ बन गया है। उससे धरती, पानी तथा वायु प्रदूषित हो गया है। प्रकृति को माता कहा जाता है। जब संसार के मानव उनकी रक्षा करेंगे, तब वे भी हम मानव की सुरक्षा करेंगी। पेड़ बचेंगे, तो धरती बचेगी। धरती बचेगी तो मानव बचेंगे। अतः अपने आसपास वृक्षारोपण अभियान चलाया जाना चाहिए।
शान्डिल्य ने बताया कि 19 मार्च राष्ट्रीय प्रमाणित नर्स दिवस है। 2024 का थीम है -"नर्सों के सकारात्मक प्रभाव का सम्मान करने के लिए नर्सेज मेक दी डिफरेंस का चयन किया गया है।" नर्सों द्वारा गुणवत्तापूर्ण रोगी की देखभाल एवं सेवाएं प्रदान की जाती है। 19 मार्च को उन प्रमाणित नर्सों का जश्न मनाया जाता है, जो हर दिन मानव के जीवन को प्रभावित करती है। 1891 में भारतीय मूल की पहली महिला बाई काशी बाई गणपत नर्सिंग ट्रेनिंग लेने वाली पहली महिला थीं। ऐसे सुअवसर पर वृक्षारोपण महत्वपूर्ण कार्य है।
पर्यावरण भारती के वृक्षारोपण कार्यक्रम में पटना महानगर के पर्यावरण संरक्षण के महानगर पेड़ उपक्रम प्रमुख तथा बैंक कर्मी अभिषेक कुमार वर्मा, सुनील कुमार, आरजू बरनवाल, रूबी सिन्हा, भारती, इन्दू, मंजू देवी, नीरज नयन, राजीव नयन सिंह (बलमा बिहारी), राम मोहन रस्तोगी, क्रिकेट खिलाड़ी सिकंदर कुमार, शशांक यादव, आदित्य कुमार, मिहिर, अंकित कुमार, चंदन, आदित्य राज ने भाग लिया।




















