पिस्का नगड़ी प्रखंड में लकड़बघे का आतंक, सहमे हुए है ग्रामीण
- Post By Admin on Dec 09 2024

रांची : झारखंड के पिस्का नगड़ी प्रखंड में इन दिनों लकड़बघे का आतंक बढ़ गया है। जानवर के लगातार देखे जाने से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों में लकड़बघे के हमलों की कई घटनाएं सामने आई हैं। जिससे लोग घरों से बाहर निकलने में भी डरने लगे हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक लकड़बघे के हमले में अब तक कुछ बकरियां और अन्य छोटे जानवर मारे जा चुके हैं। वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधे जाने पर उन्होंने बताया कि यह जानवर अपने प्राकृतिक आवास से बाहर आकर आबादी क्षेत्रों में घुस रहा है। जिससे वहां के लोग खासे चिंतित हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार रात के समय लकड़बघे को खेतों और बस्तियों के आसपास घूमते देखा है। हालात ये हो गए हैं कि लोग अपने घरों के बाहर जानवरों को चराने के लिए भी नहीं भेज पा रहे हैं। बच्चों और वृद्धों को बाहर भेजने से भी परहेज किया जा रहा है।
इस स्थिति से निपटने के लिए वन विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि स्थानीय लोग सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तत्काल विभाग को सूचित करें। साथ ही अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान जंगल में न जाएं और लकड़बघे से जुड़े किसी भी हमले की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।