अफीम की खेती पर सख्त नजर, सेटेलाइट से निगरानी कर रही पुलिस
- Post By Admin on Nov 30 2024

खूंटी : खूंटी पुलिस ने जिले में अवैध अफीम की खेती पर नकेल कसने के लिए जोरदार अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस सेटेलाइट इमेजिंग का उपयोग कर अफीम की खेती की निगरानी कर रही है। खूंटी पुलिस को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा मैप ड्रग्स एप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है जिससे सेटेलाइट के माध्यम से खेती का पता लगाया जा रहा है।
खूंटी एसपी अमन कुमार ने बताया कि एप के जरिए जंगलों में साफ किए गए क्षेत्रों और अफीम के पौधों की पहचान की जा रही है। सत्यापन के बाद पुलिस इन फसलों को नष्ट कर देगी। यह एप न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी सूचनाओं का संग्रह करेगा और तस्वीरों समेत अन्य जानकारियां दर्ज करेगा।
एसपी ने कहा कि जिले में अवैध अफीम की खेती शुरू होने की सूचना मिली है। संभावित क्षेत्रों की निगरानी और सत्यापन के साथ, जल्द ही जिला प्रशासन और एसएसबी के सहयोग से व्यापक स्तर पर अफीम उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। पुलिस का यह प्रयास नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।