सेवा संकल्प अभियान को लेकर लखीसराय में तैयारी तेज, परिया पोखर में जलेंगे 5001 दीप

  • Post By Admin on Sep 16 2026
सेवा संकल्प अभियान को लेकर लखीसराय में तैयारी तेज, परिया पोखर में जलेंगे 5001 दीप

लखीसराय : सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार 16 सितंबर को बैठक आयोजित कर परिया पोखर में 5001 दीप प्रज्वलन सहित अन्य कार्यक्रमों के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाना है। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने और निर्धारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में डीएम ने परिया पोखर में 5001 दीपों के प्रज्वलन की व्यवस्था चरणबद्ध और विभागवार तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। यह कार्यक्रम जीविका, नगर परिषद लखीसराय और आईसीडीएस के समन्वय से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आयोजन का समुचित दस्तावेजीकरण किया जा सके। डीएम ने जिले के 868 विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से दीप प्रज्वलन कराने का निर्देश दिया। इसके लिए सात दिनों का एक चरण निर्धारित करते हुए तिथि और विभाग के अनुसार कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके अलावा जिले के सभी नगर निकायों के मुख्यालयों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

17 सितंबर को नगर परिषद लखीसराय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन होगा। नगर भवन और सम्राट अशोक भवन में 101-101 दीप, शहीद स्थल, लखीसराय में 51 दीप, पंजाबी मोहल्ला स्थित वृद्धाश्रम में 51 दीप, विद्यापीठ चौक स्थित विवाह भवन में 51 दीप और रैन बसेरा में 51 दीप जलाए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत में दीप प्रज्वलन की तिथि और पंचायतवार रिपोर्टिंग की व्यवस्था रहेगी। साथ ही प्रज्वलित किए गए दीपों की संख्या का विवरण भी संधारित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए पंचायत सचिव को नोडल पदाधिकारी और संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को सुपर नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का समयबद्ध और व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीरज कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मीरानी, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।