भूमि सर्वे और राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
- Post By Admin on Dec 13 2024
.jpg)
लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र की अध्यक्षता में भूमि सर्वेक्षण और राजस्व विभाग की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्यों और राजस्व मामलों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वे एवं बंदोबस्त विभाग द्वारा पीपीटी के माध्यम से जिले में हो रहे भूमि सर्वेक्षण कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया। जानकारी दी गई कि सर्वेक्षण कार्य दो चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में लखीसराय, चानन, सूर्यगढ़ा, हलसी और रामगढ़ चौक शामिल हैं। जबकि दूसरे चरण में बड़हिया और पिपरिया में कार्य किया जाएगा। जिले में कुल 453 मौजा हैं।
जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र ने सर्वेक्षण के लिए आवश्यक मैप की अनुपलब्धता पर गहरी नाराजगी जताई और विभाग को निर्देश दिया कि शीघ्र ही आवश्यक मैप उपलब्ध कराए जाएं ताकि कार्य में कोई रुकावट न हो।
भूमि सर्वेक्षण की समीक्षा के बाद, जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों के साथ राजस्व विभाग की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने दाखिल-खारिज, परिमार्जन और भूमि विवाद मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी भूमि अतिक्रमण मामलों के निस्तारण में कमी पर भी नाराजगी जताई क्योंकि पिछले 9 महीनों में इन मामलों का निस्तारण शून्य रहा है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में भू-राजस्व वसूली का लक्ष्य केवल 12% पूरा हुआ है जो कि गंभीर समस्या है। इस पर उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों का दिसंबर माह का वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया और सभी सरकारी भूमि को चिन्हित कर उनकी जानकारी जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
इस बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, विशेष कार्य पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह, सभी अंचलाधिकारी, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी और अमीन उपस्थित रहे।