राहुल गांधी के बयान पर राजनीति गरमाई, भाजपा ने साधा निशाना
- Post By Admin on Jan 15 2025
 
                    
                    नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने एक बयान से सियासी हलचल मचा दी है। कांग्रेस के नए मुख्यालय इंदिरा भवन के उद्घाटन के मौके पर राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ऐसा बयान दिया, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया। राहुल गांधी ने कहा, हमारी लड़ाई भाजपा और आरएसएस जैसे राजनीतिक संगठनों से ही नहीं, बल्कि भारतीय राज्य से भी है।
क्या कहा राहुल गांधी ने?
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, यह मत सोचिए कि हम निष्पक्ष लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें कोई निष्पक्षता नहीं है। यदि आप मानते हैं कि हम भाजपा नामक एक राजनीतिक संगठन से लड़ रहे हैं या हम आरएसएस नामक एक राजनीतिक संगठन से लड़ रहे हैं तो आप नहीं समझ पाए हैं कि क्या हो रहा है। भाजपा और आरएसएस ने हमारे देश के प्रत्येक संस्थान पर कब्जा कर लिया है। अब हम सिर्फ भाजपा नामक राजनीतिक संगठन और आरएसएस से नहीं, बल्कि ‘इंडियन स्टेट’ से भी लड़ रहे हैं।
भाजपा ने किया पलटवार
राहुल गांधी के इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता ने कहा, कांग्रेस अब हाशिये पर जाने वाली है। ऐसी विचारधारा कांग्रेस को खत्म कर देगी। भाजपा की ओर से राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की जा रही है।
भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी के बयान को विदेशी साजिशों से जोड़ते हुए कहा, राहुल गांधी ने अब भारतीय राज व्यवस्था के खिलाफ खुली लड़ाई का ऐलान कर दिया है। यह सीधे जॉर्ज सोरोस की प्लेबुक से लिया गया है।
कांग्रेस ने किया बचाव
भाजपा के हमलों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बचाव में उतर आए हैं। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी का इशारा इस बात की ओर था कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर आरएसएस से जुड़े लोगों का कब्जा हो गया है और न्याय नहीं मिल पा रहा।
कांग्रेस महासचिव बीके हरिप्रसाद ने भी राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा, राहुल गांधी के बयान में कुछ भी गलत नहीं है। उनका बयान केवल इस बात की ओर इशारा करता है कि संघ के लोगों ने संस्थानों में जगह बना ली है।