पटना में सम्मानित हुए कठपुतली कलाकार सुनील कुमार
- Post By Admin on Mar 25 2025

मुजफ्फरपुर : बिहार की राजधानी पटना स्थित श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र में जलवायु संरक्षण पर आधारित दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें मुजफ्फरपुर के सुप्रसिद्ध कठपुतली कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार को सम्मानित किया गया। उन्हें विश्व युवक केंद्र और प्रेम यूथ फाउंडेशन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह जानकारी सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान, मालीघाट में मंगलवार को आयोजित बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्थान की संरक्षक कांता देवी ने कहा कि यह सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि "जलवायु कार्रवाई (एसडीजी 13) जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में सुनील कुमार की सहभागिता ने सामाजिक चेतना को नई दिशा दी है।"
कार्यशाला का उद्घाटन बिहार सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र संगठन, बिहार के राज्य निदेशक एस.पी. सिंह और यूएनडीपी के दीपक कुमार समेत कई विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे अहम मुद्दों पर विचार साझा किए।
सुनील कुमार ने बताया कि "एसडीजी 13 यानी जलवायु कार्रवाई, सतत विकास के 17 लक्ष्यों में एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है, जिसे हर स्तर पर नीतियों में शामिल करना समय की मांग है।" उन्होंने कहा कि युवाओं और नागरिक समाज की सक्रिय भागीदारी से ही जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटा जा सकता है।
इस दो दिवसीय कार्यशाला में बिहार समेत कई राज्यों से आए स्वैच्छिक संगठनों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के 135 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने जलवायु संरक्षण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। अंत में प्रेम यूथ फाउंडेशन के संस्थापक प्रो. प्रेम कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि "जलवायु संकट से निपटने के लिए ऐसी कार्यशालाएं मील का पत्थर साबित होंगी।"