प्रो. नलिनी रंजन सिंह की पुण्यतिथि पर उनके योगदान को किया गया याद
- Post By Admin on Jan 08 2025

मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और चेतन साधन इंस्टीट्यूट के संस्थापक प्रो. नलिनी रंजन सिंह की पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें उनके जीवन और कार्यों को गहराई से याद किया गया। इस अवसर पर प्रो. सिंह के योगदान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए संस्थान की चेयरपर्सन और प्रो. सिंह की पुत्री सुमिता नूपुर ने कहा कि उनके पिता का पूरा जीवन गरीबों और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित था। उन्होंने विधायक और मंत्री रहते हुए जो जनसेवा की मिसाल कायम की, वह आज भी प्रेरणादायी है।
प्रो. सिंह के योगदान को किया नमन
सुमिता नूपुर ने आगे बताया कि उनके पिता के दृष्टिकोण और संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए चेतन साधन इंस्टीट्यूट के तीनों केंद्रों पर छात्रों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे में सुधार किए जा रहे हैं। यह प्रो. सिंह के दिखाए मार्ग पर चलने का एक प्रयास है। उनके कार्यों और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए, उन्होंने सभी से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
गणमान्य व्यक्तियों ने की प्रो. सिंह की सराहना
श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी प्रो. सिंह के व्यक्तित्व और उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। अमिताभ राजन ने कहा कि उन्होंने प्रो. सिंह के साथ बिताए गए हर पल से कुछ न कुछ महत्वपूर्ण सीखा। उनकी सतर्कता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें हमेशा प्रेरित करती है। डॉ. नवीन कुमार ने प्रो. सिंह के सहज स्वभाव और विनम्रता की प्रशंसा की और कहा कि उनके जीवन में कभी भी अहंकार या घमंड नहीं था। वह हमेशा दूसरों की मदद करने के लिए तत्पर रहते थे।
डॉ. अजमतुल्लाह ने कहा कि प्रो. सिंह की मनोविज्ञान में गहरी रुचि थी, लेकिन इसके अलावा, उनका साहित्य और कला के प्रति भी गहरा आकर्षण था, जो उनके व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को उजागर करता है। उनका जीवन एक प्रेरणा था, जिसने समाज में जागरूकता और शिक्षा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी।
श्रद्धांजलि सभा में रामनरेश राय, एस के पाण्डेय, आनंद कुमार, शाहबाज खान, विजय कुमार, सरोज कुमार, अल्का रानी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। जिन्होंने प्रो. सिंह के कार्यों और उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।