सिमरिया में पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियाँ पूरी, 53वीं बार बिहार आकर देंगे विकास की नई सौगातें
- Post By Admin on Aug 21 2025

बेगूसराय/सिमरिया : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 22 अगस्त को प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियाँ जोर-शोर से पूरी कर ली गई हैं। यह उनका 53वां बिहार आगमन होगा। कार्यक्रम स्थल सिमरिया में गुरुवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राज्य के प्रभारी मंत्री संजय सरावगी और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने तैयारियों का जायजा लिया।
सर्वमंगला पीठ मंदिर प्रांगण में स्वामी चिदात्मन जी ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा।
सिमरिया को आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बताते हुए नेताओं ने कहा कि अब यह क्षेत्र विकास की धारा से भी जुड़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल और उद्योग समेत कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम हुए हैं।
प्रधानमंत्री के इस दौरे पर बेगूसराय सहित पूरे बिहार को विकास की नई सौगातें मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस ऐतिहासिक यात्रा से न केवल धार्मिक नगरी सिमरिया, बल्कि पूरे राज्य के विकास पथ को नई मजबूती मिलेगी।