मुजफ्फरपुर : तिरहुत प्रमंडल के चार जिले मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर में 19 जनवरी को 'बदलो बिहार' जन समागम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में स्कीम वर्कर्स संगठनों, रसोइया संघ, जीविका दीदी यूनियन, आशाकर्मी, आंगनबाड़ी संगठनों के साथ बागमती संघर्ष मोर्चा, सहारा भुगतान संघर्ष मोर्चा, इंसाफ मंच, छात्र-नौजवान संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और सांस्कृतिक कर्मियों की भागीदारी होगी।
इससे पूर्व, तैयारी बैठक भाकपा-माले के जिला कार्यालय हरिसभा में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न जन संगठनों के नेताओं ने भाग लिया। बैठक में माले की पोलित ब्यूरो सदस्य और ऐपवा की राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी ने कहा, "9 मार्च को पटना में होने वाले बदलो बिहार महाजुटान में जनता की मांगों को एक डिमांड चार्टर के रूप में पेश किया जाएगा। इस महाजुटान में आंदोलनरत स्कीम वर्कर्स, महिलाओं, दलितों और मुस्लिम समुदाय की ऐतिहासिक भागीदारी होगी।"
मीना तिवारी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "मोदी राज में संविधान और लोकतंत्र पर हमला तेज हुआ है। सांप्रदायिक और फासीवादी हमलों के बीच संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान भाजपा नेताओं द्वारा किया जा रहा है। सरकार ने देश की संपत्तियों को कॉरपोरेट कंपनियों के हवाले कर दिया है, लेकिन जनता का प्रतिरोध जारी है। इस फासीवादी कॉरपोरेट एजेंडे को रोकने के लिए व्यापक और दीर्घकालिक जन आंदोलन की आवश्यकता है।"
बैठक में माले जिला सचिव कृष्णमोहन, वैशाली जिला सचिव विशेश्वर यादव, सीतामढ़ी के जिला सचिव नेयाज अहमद, इंकलाबी नौजवान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आबताब आलम, खेत मजदूर सभा के राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी, और माले के राज्य कमिटी सदस्य जितेंद्र यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि चारों जिलों में जन आंदोलन से जुड़े संगठनों की बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि 'बदलो बिहार' जन समागम और महाजुटान में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।




















