लखीसराय: शिक्षक दिवस एवं डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा अशोक और सप्तपर्णी के वृक्षों का पौधारोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस पहल का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी अंशुधर भारती ने किया। कार्यक्रम में संस्थापक सदस्य एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि समाज और देश के हित में कार्य करने वाले महापुरुषों के जन्मदिवस पर पौधारोपण करना एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिलता है।
शाण्डिल्य ने 5 सितंबर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिन भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति, भारत रत्न डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के सर्वपल्ली गांव में हुआ था। राधाकृष्णन जी की जीवन यात्रा शिक्षा और राजनीति दोनों में उत्कृष्ट रही, और उनके सम्मान में पूरे देश में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।
शाण्डिल्य ने यह भी बताया कि डॉक्टर राधाकृष्णन का जीवन शिक्षकों के प्रति समर्पण और शिक्षा के प्रति उनकी जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने अपने जीवन के हर पड़ाव पर शिक्षा को महत्व दिया और इसे समाज के उत्थान का प्रमुख साधन माना। उनके अनुसार, "शिक्षक वही बनना चाहिए जो सबसे अधिक बुद्धिमान हो और विद्यार्थियों का स्नेह और सम्मान अर्जित कर सके।"
पौधारोपण कार्यक्रम में अंशुधर भारती, नीरज नयन, सुजीत कुमार सिंह, विनोद साह, राम मोहन रस्तोगी, हिमांशु कुमार, रोहित कुमार, शिवम कुमार भारद्वाज, रामचंद्र सिंह श्याम राय सहित कई लोग उपस्थित रहे। पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह पहल आने वाले पांच वर्षों तक जारी रखने का संकल्प लिया गया, ताकि पर्यावरण संकट को दूर किया जा सके।
इस अवसर पर सभी उपस्थित व्यक्तियों ने डॉक्टर राधाकृष्णन के आदर्शों को नमन करते हुए शिक्षकों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित किया।




















