पलामू : पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में दो जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल

  • Post By Admin on Sep 04 2025
पलामू : पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में दो जवान शहीद, एक गंभीर रूप से घायल

पलामू : झारखंड के पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में बुधवार की देर रात पुलिस और प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो पुलिस जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 10 लाख रुपए का इनामी टीएसपीसी जोनल कमांडर शशिकांत गंझू करमा पर्व पर अपने गांव केदल पहुंच सकता है। इसी सूचना पर विशेष अभियान चलाया गया।

जैसे ही पुलिस टीम गांव के नजदीक पहुंची, नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। इस दौरान संतन कुमार और सुनील राम नामक दो जवान शहीद हो गए। घायल जवान को डालटनगंज स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, शशिकांत गंझू लंबे समय से पलामू और चतरा जिलों में संगठन की गतिविधियों का संचालन करता रहा है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।

मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस ने सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है और आसपास के गांवों में चौकसी बढ़ा दी गई है।

पलामू एसपी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।