गैस पाइपलाइन हादसे से प्रभावित दुकानदारों का फूटा आक्रोश, गोबरसही में सड़क जाम

  • Post By Admin on Nov 03 2026
गैस पाइपलाइन हादसे से प्रभावित दुकानदारों का फूटा आक्रोश, गोबरसही में सड़क जाम

मुजफ्फरपुर : गोबरसही-डुमरी रोड पर गैस पाइपलाइन में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हादसे में दुकानों, मकानों और उनमें रखे सामान को हुए नुकसान के बाद अब प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को मुआवजे की मांग को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने गोबरसही चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया।

सोमवार को हुए विस्फोट के बाद लगी आग की चपेट में आकर करीब दो दर्जन मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। हादसे में बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। कई दुकानदारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से उन्होंने अपना कारोबार खड़ा किया था, लेकिन एक हादसे ने उनकी जमा-पूंजी और आजीविका को प्रभावित कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने बताया कि उनकी दुकानों से होने वाली आमदनी से ही परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई का खर्च चलता था। अब दुकानें क्षतिग्रस्त होने के कारण उनके सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। दुकानदार सहित अन्य प्रभावित लोगों ने हादसे के लिए संबंधित विभागों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया और नुकसान की भरपाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि क्षतिग्रस्त दुकानों और मकानों के साथ-साथ उनमें रखे सामान का भी आकलन कराया जाए। इसके बाद प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सकें।

सड़क जाम की सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस और एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीओ ने बताया कि हादसे में जिन लोगों की दुकान, मकान या सामान को नुकसान पहुंचा है, उनकी सूची तैयार कराई जा रही है। नुकसान का आकलन होने के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बावजूद प्रभावित दुकानदार मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक नुकसान की भरपाई के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनके सामने कारोबार और परिवार चलाने की समस्या बनी रहेगी।

*सांकेतिक तस्वीर*