बिहार बोर्ड ने जारी किया मैट्रिक-इंटर सेंट-अप परीक्षा का कार्यक्रम, नवंबर में होंगी परीक्षाएं
- Post By Admin on Nov 03 2026
पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंट-अप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत इंटरमीडिएट की सेंट-अप परीक्षा 19 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी, जबकि मैट्रिक की परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक चलेगी।
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक होंगी। वहीं, मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की सैद्धांतिक परीक्षाएं दो पालियों में ली जाएंगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और उत्तरपुस्तिका में आवश्यक विवरण भरने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
सेंट-अप परीक्षा में शामिल होना नियमित विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है। परीक्षा में अनुपस्थित रहने या उत्तीर्ण नहीं होने वाले विद्यार्थियों का वार्षिक परीक्षा का प्रवेश पत्र रोका जा सकता है। हालांकि, पूर्ववर्ती परीक्षार्थियों, कंपार्टमेंटल और सुधार श्रेणी के विद्यार्थियों को इस परीक्षा से छूट दी गई है। बोर्ड के इस कार्यक्रम के जारी होने के बाद मैट्रिक और इंटर की वार्षिक परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी और परीक्षा रणनीति तय करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को अपने विद्यालय से परीक्षा संबंधी विस्तृत निर्देश प्राप्त करने की सलाह दी गई है।