गायघाट डिग्री कॉलेज में स्वच्छता का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

  • Post By Admin on Nov 03 2026
गायघाट डिग्री कॉलेज में स्वच्छता का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प

मुजफ्फरपुर : राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गायघाट में सोमवार, 2 नवंबर को स्वच्छ भारत एवं नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पयोली ने विद्यार्थियों से तन, मन और समाज को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल व्यक्तिगत आदत तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान का आयोजन समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष शिखा राय, सहायक प्राध्यापक अभिज्ञान रंजन और अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति रानी के संयोजन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति का संकल्प लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. पयोली के अलावा सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशील कुमार, डॉ. आयुष वत्स, डॉ. उपांशु, डॉ. विशाल गिरीश तिवारी, डॉ. तरुण कुमार भट्ट, डॉ. शिल्पा उपाध्याय, डॉ. ज्योति रानी, डॉ. दत्तात्रेय, अंजू प्रकाश, शिखा राय और अभिज्ञान रंजन उपस्थित रहे। वहीं, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों में सौम्य प्रवीण (यूडीसी) और कृष्णा कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।