मुजफ्फरपुर के जेनिथ डांस फ्लिक के छह बच्चों ने जीते गोल्ड मेडल, नेशनल चैंपियनशिप में बनाएंगे जगह
- Post By Admin on Nov 03 2026
मुजफ्फरपुर: नृत्य प्रतिभा के दम पर मुजफ्फरपुर के छह होनहार बच्चों ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। मिठनपुरा स्थित डांस संस्थान जेनिथ डांस फ्लिक के छह विद्यार्थियों ने बिहार डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026, सीजन-6 में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। 1 नवंबर को समस्तीपुर के रोसड़ा स्थित बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में बिहार डांस एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
प्रतियोगिता में जेनिथ डांस फ्लिक के विराट शर्मा, यशवी, शहजाद आलम, भूमिजा, अंशिका और इवांका ने अपने-अपने आयु वर्ग एवं नृत्य शैली में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। इस सफलता के साथ ही सभी छह विद्यार्थियों का आगामी नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है।इस उपलब्धि के पीछे संस्थान के फाउंडर एवं मुख्य कोरियोग्राफर सरफुद्दीन (मिस्टर इऑन) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बच्चों की कोरियोग्राफी तैयार करने के साथ उन्हें प्रतियोगिता के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया। वहीं, असिस्टेंट कोरियोग्राफर दानिश एजाज ने नियमित अभ्यास और तैयारी में सहयोग किया।
छह विद्यार्थियों की इस सफलता से जेनिथ डांस फ्लिक परिवार में खुशी का माहौल है। संस्थान की ओर से सभी विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।अब इन छह प्रतिभाशाली बच्चों के सामने राष्ट्रीय मंच पर अपनी कला और हुनर दिखाने का अवसर होगा। मुजफ्फरपुर के लिए यह उपलब्धि स्थानीय नृत्य प्रतिभाओं और कला प्रशिक्षण संस्थानों के लिए भी उत्साह बढ़ाने वाली है।