मशरूम क्लस्टर घोटाला : महिला समूहों ने लगाए 3.85 करोड़ की गबन के आरोप, उपमुख्यमंत्री के सामने रखी फरियाद

  • Post By Admin on Jul 10 2025
मशरूम क्लस्टर घोटाला : महिला समूहों ने लगाए 3.85 करोड़ की गबन के आरोप, उपमुख्यमंत्री के सामने रखी फरियाद

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड में बीते शुक्रवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में एक बड़ा खुलासा हुआ। कार्यक्रम में शामिल हुई जीविका समूह की महिलाओं ने मशरूम कलस्टर के नाम पर भारी वित्तीय घोटाले का आरोप लगाते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

मनिका गाजी पंचायत की किरण देवी, माला देवी, नगीना देवी, रिंकी देवी, रानी कुमारी एवं बेनू वर्तिका सहित कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि "जैक्स ग्रैविटी एग्रो एंड एनर्जी" नामक संस्था और उसके प्रोपराइटर आशुतोष मंगलम द्वारा मशरूम क्लस्टर के नाम पर लगभग 3 करोड़ 85 लाख रुपये का गबन किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्था ने उनके नाम पर 35 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत करवाया, लेकिन उन्हें ऋण की कोई राशि नहीं दी गई। यह फर्जीवाड़ा कई जीविका समूहों के नाम पर किया गया है।

महिलाओं ने अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी की लिखित शिकायत उपमुख्यमंत्री को सौंपते हुए न्याय की मांग की। जनसंवाद के बाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 20 सूत्री भवन का उद्घाटन किया और मौके पर मौजूद 20 सूत्री अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को निर्देश दिया कि वे शनिवार को बीडीओ, सीओ और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पीड़ितों की समस्याएं सुनें और समाधान करें। जिन मामलों का समाधान प्रखंड स्तर पर संभव न हो, उन्हें जिला स्तर पर भेजा जाए।

डीडीसी श्रेष्ठ अनुपम को भी उपमुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जिला स्तर पर इन शिकायतों की जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाए। इस गंभीर मामले ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है और अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की जांच व कार्यवाही पर टिकी हैं।