विधायक के बिगड़े बोल, कहा - हम तो डेली डांस करते हैं और डेली चुम्मा भी लेते हैं
- Post By Admin on Mar 13 2025

भागलपुर : बिहार में होली की धूम के बीच अश्लील गानों पर सख्ती के प्रशासनिक निर्देशों को ठेंगा दिखाते हुए JDU विधायक गोपाल मंडल विवादों में घिर गए हैं। भागलपुर जिले के भगवानपुर से विधायक मंडल पर होली मिलन समारोह में मंच से अश्लील गीत गाने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना 10 मार्च को नवगछिया में आयोजित एक होली मिलन समारोह की है, जहां विधायक गोपाल मंडल ने मंच पर पहले डांस किया और फिर माइक संभालते ही भोजपुरी का अश्लील गीत गाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान मंच पर मौजूद महिला कलाकारों को शर्म से अपना चेहरा छिपाना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। भागलपुर की एसपी के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
महिला कलाकार के गाल पर चिपकाया नोट, बोले- "हम तो डेली डांस करते हैं"
JDU विधायक गोपाल मंडल अपने विवादित बयानों और हरकतों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। होली मिलन समारोह से जुड़े एक और वीडियो में उन्हें महिला कलाकार का हाथ पकड़कर डांस करते और फिर उसके गाल पर नोट चिपकाते हुए देखा गया। वीडियो में वे यह कहते भी नजर आए कि लोग चाहे जितना वायरल करें, वे रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, "हम तो डेली डांस करते हैं और डेली चुम्मा भी लेते हैं।"
विधायक के इस कृत्य से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामला दर्ज होने के बाद अब देखना होगा कि पुलिस इस पर क्या कार्यवाही करती है। विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है।