मिजोरम में बड़ा सड़क हादसा, PIB और दूरदर्शन के तीन अधिकारियों की मौत

  • Post By Admin on Oct 02 2026
मिजोरम में बड़ा सड़क हादसा, PIB और दूरदर्शन के तीन अधिकारियों की मौत

मिजोरम : मिजोरम में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण से जुड़े तीन अधिकारियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अधिकारियों को लेकर जा रहा वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हादसे में मारे गए लोगों में इंफाल स्थित प्रेस सूचना ब्यूरो और केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. एंगम पामे, आइजोल दूरदर्शन केंद्र के समाचार निदेशक नम्पिबौ मारिनमाई और केंद्रीय संचार ब्यूरो, आइजोल के कर्मचारी एच. लियानवेला शामिल हैं। डॉ. पामे आधिकारिक कार्य के सिलसिले में मिजोरम में थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में कुल चार लोग सवार थे। वाहन के सड़क से फिसलकर खाई में गिरने के बाद स्थानीय पुलिस और यंग मिजो एसोसिएशन के सदस्यों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई का सामना करना पड़ा। चालक हादसे में बच गया, जबकि उसे भी उपचार की आवश्यकता पड़ी।

बताया गया है कि डॉ. एंगम पामे मिजोरम में इंटर मीडिया पब्लिसिटी कोऑर्डिनेशन कमेटी से संबंधित बैठकों तथा अन्य विभागीय कार्यों के सिलसिले में पहुंचे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवारों तथा सहकर्मियों के प्रति संवेदना जताई। पुलिस और संबंधित अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन किस परिस्थिति में सड़क से फिसला और खाई में गिरा। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।