साइकिल यात्रा, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान से गूंजा मीनापुर, युवाओं ने दिखाई जागरूकता

  • Post By Admin on Jun 03 2026
साइकिल यात्रा, पौधारोपण और स्वच्छता अभियान से गूंजा मीनापुर, युवाओं ने दिखाई जागरूकता

मुजफ्फरपुर : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मीनापुर प्रखंड के नगर पंचायत क्षेत्र स्थित जगदेव बाबू चौक के एक निजी संस्थान परिसर में जागरूकता कार्यक्रम, साइकिल यात्रा, पेंटिंग प्रतियोगिता, संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत), मुजफ्फरपुर के सहयोग से विशुनपुर युवा मंडल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संतोष कुमार ने किया। इस दौरान युवाओं और छात्र-छात्राओं को साइकिल के उपयोग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत के प्रशासनिक सहायक चंदेश्वर पाण्डेय ने की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसके बाद पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने साइकिल, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला युवा अधिकारी सुश्री बुशरा रहमान द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि सोनू कुमार वर्मा एवं जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान ने स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि सोनू कुमार वर्मा ने विश्व साइकिल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन के लिए साइकिल के अधिक उपयोग का आह्वान किया।

इस अवसर पर युवा स्वयंसेवक मुकेश कुमार द्वारा विधायक प्रतिनिधि को शॉल, स्मृति चिह्न एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं क्लब के अध्यक्ष विवेक कुमार ने जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान को सम्मानित किया। कार्यक्रम में क्लब के कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, सदस्य रविकांत कुमार, युवा स्वयंसेवक संघर्ष राज, श्रीराम कुमार, मनीष कुमार, सोनू कुमार, अरविंद कुमार, राजकिशोर कुमार, अवधेश कुमार, गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।