कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर युवाओं को किया गया जागरूक

  • Post By Admin on Jun 01 2026
कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर युवाओं को किया गया जागरूक

लखीसराय : युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, लखीसराय द्वारा रविवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, बिहार कौशल विकास मिशन (BSDM) के मिशन निदेशक श्री मनीष शंकर, समन्वयक श्री संजय कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS), राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) तथा मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना (CM Pratigya) सहित विभिन्न रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि श्री मनीष शंकर ने अपने संबोधन में इन योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, लाभ एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, BSDM के समन्वयक श्री संजय कुमार ने स्थानीय संस्थानों, उद्योगों एवं संगठनों से इन योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी हितधारकों का सहयोग आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ प्राप्त करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई। कार्यशाला में युवाओं, संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।