लखीसराय : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सूर्यगढ़ा प्रखंड के जनजातीय बहुल गांवों में “सबसे दूर, सबसे पहले” जनभागीदारी अभियान चलाया गया। यह अभियान 18 मई 2026 से 25 मई 2026 तक संचालित किया गया, जिसके तहत आठ चयनित गांवों में विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान बुढ़ौली बनकर, अवगिल चक, खुद्दीवन, चौरा, घोघी, विष्णुपुर, हिल ब्लॉक एवं श्रीकिशुन गांवों में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। 19 मई को सभी चयनित गांवों में वृक्षारोपण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। 20 मई को गांवों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। वहीं 19 मई से 23 मई तक शिविर लगाकर विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए और उनका निष्पादन करते हुए प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।

अभियान के दौरान सभी गांवों में मेडिकल कैंप के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला कल्याण पदाधिकारी लखीसराय, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सूर्यगढ़ा, विकास मित्र एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।