देश की महान विभूतियों का सम्मान, राष्ट्रपति मुर्मु ने दिए पद्म पुरस्कार

  • Post By Admin on May 25 2026
देश की महान विभूतियों का सम्मान, राष्ट्रपति मुर्मु ने दिए पद्म पुरस्कार

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में वर्ष 2026 के पहले पद्म सम्मान समारोह में देश की अनेक विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया। केंद्र सरकार ने 25 जनवरी को 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की थी। पहले चरण में 66 विभूतियों को सम्मान प्रदान किया गया, जबकि शेष विजेताओं को दूसरे चरण में सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में राष्ट्रपति ने 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए। सम्मान पाने वालों में अभिनेता आर. माधवन, भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया तथा पैरा एथलीट प्रवीण कुमार प्रमुख रहे। इस वर्ष पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 16 हस्तियों को मरणोपरांत सम्मान दिया गया।

दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन और उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस सहित पांच हस्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। धर्मेंद्र को मरणोपरांत मिले सम्मान को उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ग्रहण किया। वहीं प्रसिद्ध गायिका अल्का याग्निक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन सहित 13 हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अभिनेता आर. माधवन, क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया समेत 113 विभूतियों को पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए।

बिहार के मरणोपरांत पद्मश्री सम्मानित विश्व बंधु की पत्नी इंदु देवी ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व और भावुक क्षण है। उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कार्यों की सच्ची पहचान है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

*सांकेतिक तस्वीर*