प्रभारी मंत्री ने सहयोग शिविरों का लिया जायजा, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

  • Post By Admin on Jun 02 2026
प्रभारी मंत्री ने सहयोग शिविरों का लिया जायजा, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

लखीसराय : जिले में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम के द्वितीय चरण का मंगलवार को सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर उच्च विद्यालय, बिलौरी परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सह लखीसराय के प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने बड़हिया प्रखंड की डुमरी पंचायत एवं हलसी प्रखंड की हलसी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, आमजन की भागीदारी तथा लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अपने संबोधन में मंत्री श्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार जन आकांक्षाओं के अनुरूप प्रशासनिक संवेदनशीलता को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यालय विकास, पर्यावरण संरक्षण और पेयजल समस्या के समाधान को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में बताया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।

कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों एवं लाभार्थियों के बीच विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभ एवं आवश्यक प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। इनमें जन्म प्रमाण-पत्र, वंशावली प्रमाण-पत्र, पोशाक योजना के लाभ तथा अन्य सरकारी सुविधाएं शामिल थीं। इसी क्रम में मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने सूर्यगढ़ा प्रखंड की बंशीपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। आयुक्त ने शिविर में आयोजित अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम में भाग लिया तथा लाभार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

सहयोग शिविरों में आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाया। प्रशासन ने इसे जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।