लखीसराय में सड़क सुरक्षा को लेकर समीक्षा, दुर्घटनाओं पर रोक और यातायात व्यवस्था सुधारने पर बल

  • Post By Admin on Sep 19 2026
लखीसराय में सड़क सुरक्षा को लेकर समीक्षा, दुर्घटनाओं पर रोक और यातायात व्यवस्था सुधारने पर बल

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान जिले में जाम की समस्या, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहनों की प्रदूषण जांच, ब्लैक स्पॉट में सुधार, iRAD एवं e-DAR, हिट एंड रन मामलों तथा गुड सेमेरिटन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के साथ आम लोगों और वाहन चालकों को लगातार यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। समाचार पत्रों में प्रकाशित सूचनाओं के आधार पर एनएच-80 पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जमुई मोड़ से विद्यापीठ तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है।मननपुर बाजार में भी अतिक्रमण की सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।

वाहन जांच अभियान की समीक्षा के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी एवं प्रवर्तन पदाधिकारी, लखीसराय द्वारा बताया गया कि पिछले माह जांच के दौरान 67 वाहनों से कुल 67,000 रुपए राजस्व की वसूली की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों की नियमित जांच जारी है। जांच के दौरान वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर समय-समय पर वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता गतिविधियों को लगातार जारी रखने का निर्देश दिया गया।बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि ऐसे मामलों से संबंधित कुल 186 आवेदन जीआईसी, मुंबई को भेजे गए हैं। इनमें से 162 मामलों में अनुदान राशि का भुगतान किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने शेष मामलों में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विभागीय समन्वय के साथ लगातार निगरानी जरूरी है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार, अतिक्रमण हटाने और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।