लखीसराय में महिला किसान दिवस पर आधुनिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान, रबी कार्यशाला आयोजित

  • Post By Admin on Oct 15 2026
लखीसराय में महिला किसान दिवस पर आधुनिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान, रबी कार्यशाला आयोजित

लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आत्मा के तत्वावधान में जिला स्तरीय वासंतिक (रबी) प्रशिक्षण-सह-कर्मशाला और महिला किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने की। आयोजन का प्राथमिक उद्देश्य जिले में रबी फसलों के उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाना, किसानों तक वैज्ञानिक व आधुनिक कृषि तकनीकों का विस्तार करना तथा कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही जनहितैषी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना रहा।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विभागीय योजनाओं का लाभ सही समय पर वास्तविक हकदारों तक पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने किसानों के बीच संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता फैलाने और आत्मा योजना के तहत बाहर या राज्य के भीतर प्रशिक्षण ले चुके किसानों से सतत फीडबैक प्राप्त करने पर बल दिया। सत्र के दौरान अपर समाहर्ता ने जिले के प्रत्येक किसान को डिजिटल कृषि से जोड़ने के क्रम में शत-प्रतिशत फार्मर आईडी निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया। महिला किसान दिवस के संदर्भ में कृषि क्षेत्र और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने में महिलाओं की सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया गया। महिला कृषकों को आधुनिक खेती के तौर-तरीके अपनाने और सरकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में उन्नत बीजों के चयन, कीट-व्याधि नियंत्रण और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा कुंदन कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण आनंद कुमार सहित पशुपालन, गव्य विकास, शस्य शाखा के अधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक और बीज वितरक उपस्थित रहे।