लखीसराय पुलिस का एक्शन: चेकिंग के दौरान 2.980 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
- Post By Admin on Oct 15 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में समकालीन अभियान चलाकर सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को किउल थाना पुलिस ने बिछवे तीनमुहानी पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को खदेड़कर धर दबोचा।
युवक के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने की बात पर उसने बैग में गांजा होने की जानकारी दी। इसके बाद किउल थाना पुलिस ने मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और लखीसराय सदर के दंडाधिकारी (राजस्व कर्मचारी) व अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 02.980 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरहट्टी निवासी चन्द्रदेव यादव के 26 वर्षीय पुत्र सौरव कुमार के रूप में हुई है।
इस संबंध में किउल थाने में कांड संख्या 99/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(B) के तहत अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि मामले में शामिल अन्य संलिप्त आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जा सके। इस सफल छापेमारी अभियान में किउल थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमलेश रजक और किउल थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।