लखीसराय में पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा, पंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष कैंप

  • Post By Admin on Sep 18 2026
लखीसराय में पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा, पंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष कैंप

लखीसराय : पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ दिलाने को लेकर शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, बैंकों और अधिकृत वेंडरों के साथ योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पंचायतवार विशेष कैंप आयोजित करने पर जोर दिया गया। डीएम ने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर आम लोगों को योजना की जानकारी दी जाए। कैंप में पात्र लाभुकों को आवेदन की प्रक्रिया, योजना से मिलने वाले लाभ, बैंक ऋण और सोलर रूफटॉप लगाने से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। सभी प्रखंडों को भी प्रचार-प्रसार में आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने बताया कि 19 सितंबर को मुफ्त बिजली योजना और कुटीर ज्योति योजना से जुड़े कार्यों तथा लाभुकों को मिल रहे लाभ का स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की प्रत्येक 15 दिनों में समीक्षा बैठक होगी। इसमें बैंकों और अधिकृत वेंडरों के साथ योजना की प्रगति, आवेदन और अन्य संबंधित विषयों की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत ऋण तथा लंबित या अस्वीकृत आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया। बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक ने आवेदन अस्वीकृत होने के प्रमुख कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि आवेदन के दौरान आधार और पैन में दर्ज जन्मतिथि का मिलान, आवेदकों को योजना की पूरी और स्पष्ट जानकारी देना तथा सिविल स्कोर की जांच महत्वपूर्ण है। इन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने से आवेदन अस्वीकृत होने की संख्या कम की जा सकती है।

डीएम ने निर्देश दिया कि अस्वीकृत आवेदनों की सूची प्रत्येक माह उपलब्ध कराई जाए। सूची के आधार पर आवेदन अस्वीकृत होने के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों, बैंकों और वेंडरों को आपसी समन्वय से काम करते हुए योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित योजना से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।