सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर डीएम ने किया शिविर और सोलर संयंत्रों का निरीक्षण
- Post By Admin on Sep 19 2026
लखीसराय : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जिले में अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला पदाधिकारी ने शनिवार को रामगढ़ चौक प्रखंड में आयोजित ‘सेवा सेतु कैम्प’ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के तहत लगाए गए सोलर संयंत्रों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल लखीसराय और सहायक विद्युत अभियंता के साथ रामगढ़ चौक में ऊर्जा विभाग की ओर से लगाए गए शिविर की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में अब तक प्राप्त आवेदनों और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान रामगढ़ चौक निवासी रंजीत कुमार के परिसर में लगाए गए 3 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र को भी देखा गया। रंजीत कुमार ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक संयंत्र के माध्यम से 3,079 यूनिट बिजली का उत्पादन हो चुका है। इससे पिछले कुछ महीनों से उनका बिजली बिल शून्य आ रहा है। उपभोक्ता ने बताया कि सोलर संयंत्र लगवाने के लिए बैंक से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा मिली। वहीं, योजना के तहत सरकार की ओर से मिलने वाली 78,000 रुपए की अनुदान राशि भी उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने रामगढ़ चौक प्रखंड के नारायणपुर गांव निवासी अशोक मिस्त्री के परिसर में कुटीर ज्योति श्रेणी के तहत स्थापित 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपभोक्ता से योजना के लाभ और संयंत्र के उपयोग से जुड़े अनुभव की जानकारी ली। अशोक मिस्त्री ने योजना पर संतोष जताते हुए अन्य लोगों से भी सोलर संयंत्र लगाकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
जिला पदाधिकारी ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सोलर संयंत्र लगाने से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जाए। पात्र उपभोक्ताओं को आवेदन से लेकर संयंत्र अधिष्ठापन तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। ऊर्जा विभाग की ओर से लखीसराय जिले के सभी सात प्रखंडों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु कैम्प’ के तहत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।