राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ी भीड़, ट्रैफिक चालान के लिए बनाई गईं तीन विशेष पीठ

  • Post By Admin on Sep 12 2026
राष्ट्रीय लोक अदालत में उमड़ी भीड़, ट्रैफिक चालान के लिए बनाई गईं तीन विशेष पीठ

लखीसराय : लखीसराय व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार, 12 सितंबर को नालसा एवं बालसा के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार लखीसराय श्रीमती सीमा भारतीय ने दीप प्रज्वलित कर किया। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए कुल 11 पीठों का गठन किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय लखीसराय पवन कुमार झा, जिला पदाधिकारी के प्रतिनिधि प्राची कुमारी, पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय शुभनंदन झा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ सह विशेष उत्पाद न्यायालय सिद्धार्थ पांडे, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम राजन कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार अग्निहोत्री, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम रंजीत कुमार सोनू, डालसा सचिव विधानंद सागर, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी शिप्रा कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी श्रीनिवास शर्मा और न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी प्रशांत कुमार सहित अन्य न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला विधिक संघ के अध्यक्ष सुबोध कुमार और सचिव राजेश कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

डालसा सचिव विधानंद सागर ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए गठित 11 पीठों में से तीन पीठों को विशेष रूप से ट्रैफिक चालान के मामलों के निस्तारण के लिए निर्धारित किया गया है। ट्रैफिक चालान और ई-चालान से संबंधित पीठों पर मामलों के निपटारे के लिए लोगों की काफी भीड़ रही। खबर लिखे जाने तक चालान पीठ के समक्ष लोगों की कतार लगी हुई थी।

लोगों को मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पांच हेल्प डेस्क भी बनाए गए थे। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से संबंधित पीठ में लिए जा रहे मामलों की जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई जा रही थी। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक अदालत में पेयजल, चिकित्सा सुविधा और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से भी सहयोग किया जा रहा था।