लखीसराय में खनन टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन और परिवहन पर कार्रवाई की समीक्षा

  • Post By Admin on Sep 19 2026
लखीसराय में खनन टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनन और परिवहन पर कार्रवाई की समीक्षा

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खनन राजस्व की प्राप्ति, अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके अलावा बालू की उपलब्धता, बालूघाटों की बंदोबस्ती, ईंट-भट्ठों से जुड़े मामलों और न्यायालय में लंबित प्रकरणों की भी जानकारी ली गई।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए खान एवं भू-तत्व विभाग की ओर से लखीसराय जिले को निर्धारित खनन राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध अब तक हुई वसूली की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2410.53 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राजस्व संग्रहण की गति बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अवैध भंडारण के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को नियमित रूप से जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए और मामले की प्रकृति के अनुसार नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने के साथ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कार्य विभागों से प्राप्त स्वामित्व शुल्क की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि विभाग द्वारा निर्धारित प्रपत्र में प्रत्येक माह तय समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए, ताकि राजस्व से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी की जा सके।

बैठक में जिले में बालू की उपलब्धता और बालूघाटों की बंदोबस्ती से संबंधित मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई। बिहार राज्य में ईंट-भट्ठों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को संबंधित प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने और लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा न्यायालयों में लंबित सीआर, डब्ल्यूजेसी/सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित न्यायिक मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और मामलों की अद्यतन स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित खनन एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।