मननपुर हाईस्कूल में बाल विवाह रोकने का संकल्प, छात्राओं को मिली कानून और सुरक्षा की जानकारी
- Post By Admin on Nov 04 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय की ओर से संकल्प: महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से चानन प्रखंड के उच्च विद्यालय, मननपुर में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षिका जागृति राठौर ने गीत प्रस्तुत कर की। इसके बाद छात्राओं के साथ बाल विवाह और किशोरियों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ। इस दौरान कई छात्राओं ने बाल विवाह की रोकथाम और अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल पूछे, जिनका संबंधित अधिकारियों ने जवाब दिया।
महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य बालिकाओं के अस्तित्व की रक्षा, उनके पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देना है। साथ ही बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बाल विवाह के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि कानून का उल्लंघन भी है। बाल विवाह का बालिकाओं के जीवन और विकास पर लंबे समय तक नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण के लिए इस प्रथा के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं और किशोरियों को मिलने वाली सहायता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी पीड़िताओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किया जा रहा है। यहां एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य संबंधी सहायता, सुरक्षा, मनोसामाजिक परामर्श, कानूनी मदद और अस्थायी आश्रय की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के दौरान छात्रा संजना कुमारी ने सभी को बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक हिमांशु शेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।इस अवसर पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, शारीरिक शिक्षक दिनेश कुमार, शिक्षिकाएं विनीता कुमारी, जूली कुमारी और प्रतिमा कुमारी मौजूद रहीं। छात्राओं में अर्चना, चांदनी, प्रीति, काजल और मीना कुमारी सहित दर्जनों छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।