महाजनमा गांव में प्रशासन की पहल, दो शिक्षकों के साथ अस्थायी स्कूल का संचालन शुरू
- Post By Admin on Sep 12 2026
लखीसराय : जिले के चानन प्रखंड की भलुई पंचायत स्थित महाजनमा गांव में बारिश के कारण स्कूल तक जाने का रास्ता बाधित होने से पढ़ाई से वंचित बच्चों के लिए प्रशासन ने तत्काल अस्थायी स्कूल शुरू कराया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार से गांव में दो शिक्षकों के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई शुरू कर दी गई। स्कूल शुरू होने से जनजातीय परिवारों में खुशी का माहौल है और लोगों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया है।
बताया गया कि एक दिन पहले जिलाधिकारी ने महाजनमा गांव का भ्रमण किया था। इस दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि बारिश के कारण गांव से विद्यालय तक जाने वाला रास्ता कट गया है, जिससे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्काल दो शिक्षकों की व्यवस्था कर अस्थायी स्कूल शुरू कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद शनिवार से गांव में अस्थायी विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया गया।
जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में उप विकास आयुक्त ने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों और बच्चों के साथ राष्ट्रीय गीत भी गाया। प्रशासन के अनुसार, इसका उद्देश्य बच्चों और ग्रामीणों को शिक्षा के साथ मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ाना है। महाजनमा गांव में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए भी कई स्तर पर काम किए जा रहे हैं। पेयजल की सुविधा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा हर्बल नर्सरी और हर्बल गार्डन विकसित किए गए हैं। बीएसएनएल मोबाइल सेवा के लिए सतघरवा में जमीन चिन्हित की गई है। कृषि यंत्रों का लाभ दिलाने के लिए पहले किसानों का निबंधन कराया गया और अब आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
गांव को सड़क से जोड़ने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग को पत्र भेजा गया है। वहीं क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य को देखते हुए इसे बिहार दर्शन से जोड़ने के लिए पहाड़ी मार्ग विकसित करने सहित अन्य संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। अस्थायी स्कूल शुरू होने के बाद जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय की प्रतिदिन निगरानी करने और बच्चों को पोषण संबंधी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही बारिश के दौरान उत्पन्न हुई समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।