लखीसराय में पुलिस-प्रशासन के समन्वय पर जोर, गंभीर आपराधिक मामलों की हुई समीक्षा
- Post By Admin on Sep 19 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शनिवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति के साथ गंभीर आपराधिक कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन और पुलिस-प्रशासन के बीच समन्वय की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने लंबित गंभीर मामलों के अनुसंधान में तेजी लाकर नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती, फिरौती के लिए अपहरण, पॉक्सो एक्ट, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से जुड़े मामलों तथा साइबर अपराध के कांडों की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित निगरानी करते हुए अनुसंधान की प्रक्रिया में तेजी लाने और नियमों के अनुरूप मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार को जिले के ऐसे गांवों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, जहां पिछले पांच वर्षों के दौरान एक भी आपराधिक कांड दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने ऐसे गांवों को चिन्हित कर वहां की विधि-व्यवस्था और सकारात्मक वातावरण को रेखांकित करने की दिशा में पहल करने को कहा। डीएम ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लंबे समय से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है, वहां के सकारात्मक पहलुओं को सामने लाने के साथ अच्छे कार्यों को प्रोत्साहित करने और उनके प्रचार-प्रसार की दिशा में भी प्रयास किया जा सकता है। इसके लिए ऐसे गांवों की पहचान कर उनकी स्थिति का अध्ययन करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जब्त शराब और गांजा के विनष्टीकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने जब्त अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की कार्रवाई नियमानुसार और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि संबंधित मामलों में आवश्यक प्रक्रिया लंबित न रहे। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।