गंगा का जलस्तर घटने के बाद भी खतरा बरकरार, तेज बहाव से सावधान रहने की अपील

  • Post By Admin on Sep 10 2026
गंगा का जलस्तर घटने के बाद भी खतरा बरकरार, तेज बहाव से सावधान रहने की अपील

लखीसराय : गंगा के जलस्तर में लगातार कमी आने के बावजूद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खतरा पूरी तरह टला नहीं है। जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण संभाग की सूचना के आधार पर जिला प्रशासन लखीसराय ने नागरिकों से जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रशासन के अनुसार बाढ़ का पानी घटने के दौरान नदी और अन्य जलधाराओं का प्रवाह कई स्थानों पर अत्यधिक तेज और खतरनाक हो सकता है। पानी कम होने के बावजूद उसकी गहराई और बहाव का सही अनुमान लगाना मुश्किल रहता है। ऐसी स्थिति में नदी या जलधारा में डूबने की आशंका बढ़ सकती है। जिला प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले पानी के समीप जाने से बचने की अपील की है। साथ ही नदी, नहर, तालाब अथवा अन्य जलस्रोतों में उतरने और तैरने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से जलस्रोतों से दूर रखने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ का पानी कम होने के बाद भी लोग लापरवाही न बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। नागरिकों से अपील की गई है कि थोड़ी-सी सावधानी बरतकर वे स्वयं और अपने परिवार को संभावित हादसों से सुरक्षित रख सकते हैं।