लखीसराय में नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा, हर माह पांच लोगों को नशामुक्त कराने का लक्ष्य
- Post By Admin on Sep 12 2026
लखीसराय : जिला में नशा मुक्ति अभियान और दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार, 12 सितंबर को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के खिलाफ जागरूकता, उपचार और पुनर्वास के साथ दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में चल रहे जागरूकता, रोकथाम, उपचार और पुनर्वास कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से बताया गया कि ‘नशा मुक्त समाज, स्वस्थ युवा, सशक्त भारत’ के उद्देश्य से आम लोगों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जागरूकता गतिविधियों का समन्वय, स्थानीय स्तर पर सहभागिता और नियमित निगरानी की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने अभियान को और प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए हर माह कम से कम पांच लोगों को नशामुक्त कराने का लक्ष्य निर्धारित कर काम करने को कहा। उन्होंने नशे की समस्या से प्रभावित लोगों की पहचान, उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने तथा उपचार के बाद पुनर्वास और सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण के लिए गठित स्क्रीनिंग समिति के समक्ष कुल 37 आवेदन प्रस्तुत किए गए। समिति की ओर से आवेदनों की नियमानुसार जांच और स्क्रीनिंग की प्रक्रिया जारी है, ताकि पात्र दिव्यांगजनों को योजना का लाभ मिल सके। जिला पदाधिकारी ने सरकारी योजनाओं का लाभ दिव्यांगजनों तक सुगमता से पहुंचाने के साथ उनके अधिकारों और सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर उपलब्ध कराने और दिव्यांगजनों की आसान आवाजाही के लिए रैंप निर्माण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में दिव्यांगजनों के कार्यालय पहुंचकर किए जाने वाले कार्यों का उचित अभिलेख रखने तथा उनके आवेदन और कार्यों के निष्पादन की स्थिति की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजन और नशे की समस्या से प्रभावित लोग समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके पुनर्वास, सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी लखीसराय प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, कार्यालय पदाधिकारी बड़हिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।