लखीसराय में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम का डीएम ने किया निरीक्षण, सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

  • Post By Admin on Sep 13 2026
लखीसराय में निर्माणाधीन वृद्धाश्रम का डीएम ने किया निरीक्षण, सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

लखीसराय : नगर परिषद क्षेत्र में पंजाबी मोहल्ला के समीप निर्माणाधीन वृद्धाश्रम भवन का जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवन की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और वृद्धजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से वृद्धाश्रम के संचालन की संभावनाओं का आकलन करना था।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने भवन के विभिन्न कक्षों, परिसर और वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम के संचालन के लिए जरूरी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि यहां रहने वाले वृद्धजनों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। वृद्धाश्रम के संचालन के लिए भवन को विभाग की ओर से नगर परिषद से सामाजिक सुरक्षा कोषांग को हस्तांतरित किया गया है। इसके बाद अब यहां जरूरतमंद एवं निराश्रित वृद्धजनों के लिए आश्रय की व्यवस्था शुरू करने की दिशा में तैयारी की जा रही है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि वृद्धजनों के कल्याण और उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। वृद्धाश्रम के संचालन से ऐसे बुजुर्गों को आवास, भोजन और आवश्यक देखभाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, जिन्हें परिवार या अन्य स्तर पर पर्याप्त सहारा नहीं मिल पाता है। उन्होंने अधिकारियों को वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मूलभूत सुविधाओं के साथ सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नगर परिषद लखीसराय के कार्यपालक पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक धीरज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।