बाल संरक्षण व आशा एसओपी को लेकर डीएलएसए की बैठक, 21 सितंबर को होगा समन्वय सम्मेलन

  • Post By Admin on Sep 18 2026
बाल संरक्षण व आशा एसओपी को लेकर डीएलएसए की बैठक, 21 सितंबर को होगा समन्वय सम्मेलन

लखीसराय : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के निर्देशानुसार गुरुवार को प्राधिकार के सचिव विद्यानंद सागर के प्रकोष्ठ में कवच परियोजना, सेंटर डायरेक्ट के तकनीकी सहयोग से एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में आगामी 21 सितंबर को समाहरणालय स्थित 'मंत्रणा कक्ष' में आयोजित होने वाली वृहद अंतर-विभागीय समन्वय बैठक की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अंतर-विभागीय पहल का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी और अन्य जोखिमों से जूझ रहे बच्चों की पहचान कर उनकी समय पर रोकथाम सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही बच्चों के सर्वोत्तम हित, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए तैयार 'आशा एसओपी' (आशा मानक संचालन प्रक्रिया) के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, महिला एवं बाल विकास और न्याय प्रणाली के बीच एक मजबूत व निर्बाध तालमेल स्थापित किया जा रहा है।

बैठक में बाल संरक्षण इकाई (एडीसीपीयू) के सहायक निदेशक मनोज कुमार, पैनल अधिवक्ता चन्दा कुमारी, एसपी कार्यालय से शंकर कुमार, स्वास्थ्य विभाग से नीरज भारद्वाज तथा सेंटर डायरेक्ट की ओर से चंद्रशेखर सिंह, प्रसून कुणाल, बरखा रानी, विवेक कुमार, सुमित कुमार एवं अनंत नारायण मिश्रा सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

प्राधिकार के सचिव ने स्पष्ट किया कि बाल अधिकारों के संरक्षण और जागरूकता प्रसार के लिए सभी संबंधित विभागों में निरंतर समन्वय अनिवार्य है, जिससे पीड़ित बच्चों को समय पर विधिक और सामाजिक मदद मिल सके। 21 सितंबर को प्रस्तावित समन्वय बैठक में जमीनी स्तर पर जन-जागरूकता फैलाने और सभी हितधारकों की जिम्मेदारी तय करने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू की जाएगी।