छठ और दीपावली पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम, लखीसराय प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
- Post By Admin on Nov 04 2026
लखीसराय : दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा, छठ घाटों पर सुविधाओं और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत कराने तथा घाटों पर पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बैरिकेडिंग कराने और गोताखोरों के साथ अग्निशमन दल की तैनाती का भी निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माइकिंग की व्यवस्था रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां लाल झंडे लगाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु खतरनाक हिस्सों में जाने से बच सकें। रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने को भी कहा गया। घाटों की सफाई की जिम्मेदारी संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को दी गई है। वहीं, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से घाटों का निरीक्षण कर खतरनाक घाटों की पहचान करेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित करने और पूजा आयोजकों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने को कहा गया। घाटों और पूजा पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य रहेगी। नदी और तालाब के घाटों पर पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने का निर्देश भी दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सक्षम प्राधिकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। साथ ही, कार्यक्रमों में अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन शाम पांच बजे के बाद नहीं किया जाएगा। सभी प्रतिमाओं के लिए नियमानुसार लाइसेंस लेना भी जरूरी होगा। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय से पहले ही अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की गई। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।