लखीसराय में जिला पोषण समिति की बैठक, अति कुपोषित बच्चों की पहचान और गृह भ्रमण पर जोर
- Post By Admin on Sep 14 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित पोषण योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण स्तर में सुधार तथा कुपोषण की रोकथाम को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण संबंधी गतिविधियों और राष्ट्रीय पोषण मिशन के कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित सेवाओं का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए और पात्र लाभुकों को समय पर पोषण एवं अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ मिले। राष्ट्रीय पोषण माह के आयोजन को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ विभागीय गतिविधि कैलेंडर के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी गतिविधियों की जन आंदोलन डैशबोर्ड पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे पोषण माह के कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने अति कुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यकता के अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को समय पर उपचार और पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं संबंधित कर्मियों को शत-प्रतिशत गृह भ्रमण सुनिश्चित करने को कहा गया। गृह भ्रमण के दौरान बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा आवश्यक देखभाल से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में पोषण को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से पोषण संबंधी लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पोषण संबंधी शपथ ली। इस दौरान जिले में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कुपोषण की रोकथाम के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन ओम प्रकाश सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी धीरज कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।