खेल प्रतिभाओं को निखारने पर जोर, लखीसराय में मशाल प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ
- Post By Admin on Sep 18 2026
लखीसराय : जिला स्तरीय मशाल प्रशिक्षण 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा सीमा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के दौरान जिले के 25 शारीरिक शिक्षकों और 14 कंप्यूटर शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों से संबंधित जानकारी दी गई।
जिला खेल पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानना, उसे निखारना और आगे बढ़ाने में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में भी खेल प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है उनकी प्रतिभा को उचित मंच और मार्गदर्शन देने की। उन्होंने प्रशिक्षकों से बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा सीमा कुमारी ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया। राज्य स्तरीय प्रशिक्षण से प्रशिक्षित होकर लौटे प्रशिक्षकों ज्ञान रंजन, सुशील कुमार, जंग बहादुर, सुमन कुमार और अमित शाह ने जिला स्तरीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को आवश्यक जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर शिक्षकों को विद्यालयों और खिलाड़ियों के निबंधन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं शारीरिक शिक्षकों को खिलाड़ियों की बैटरी टेस्ट प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें खिलाड़ियों की लंबाई और वजन मापने के साथ-साथ शटल रन, बोर्ड टेस्ट सहित विभिन्न खेल परीक्षणों से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शारीरिक एवं कंप्यूटर शिक्षकों समेत संबंधित कर्मियों की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए शिक्षकों को आवश्यक तकनीकी जानकारी देना है।