जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी के निर्देश
- Post By Admin on Sep 14 2026
लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, एनीमिया मुक्त भारत अभियान, सीसीटीवी अधिष्ठापन, किसान आईडी पंजीयन, सहयोग शिविर और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पेयजल और सौर अवसंरचना के साथ विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की स्थिति और लोड सीडिंग की जानकारी लेते हुए जिला पदाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
बैठक में उच्च न्यायालय, पटना में सुनवाई से संबंधित सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने तथा आवश्यक प्रतिवेदन और अभिलेख निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। भू-अर्जन से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान पंचायत भवन और थाना भवन के लिए भूमि की उपलब्धता की स्थिति भी देखी गई। जिले की 76 पंचायतों में से 74 पंचायतों के लिए भूमि उपलब्ध है, जबकि दो पंचायतों के लिए भूमि की उपलब्धता नहीं हो सकी है। थाना भवन के लिए 23 स्थानों की आवश्यकता के विरुद्ध 22 स्थानों पर भूमि उपलब्ध है। पिपरिया में थाना भूमि से संबंधित मामला अभी लंबित है। ग्रामीण हाट के लिए निर्धारित तीनों स्थानों पर भूमि चिन्हित किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष लंबित भूमि संबंधी मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन जय प्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।