कृषि मंत्री विजय सिन्हा की मौजूदगी में भाजपा ने बनाई सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना
- Post By Admin on Sep 13 2026
लखीसराय : 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए रविवार को लखीसराय विधानसभा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी में अभियान को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने की। इसमें जिला पदाधिकारियों, पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं ने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अभियान को जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं। उपस्थित कार्यकर्ताओं को अभियान से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समर्पण और जनसरोकार की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनसेवा के संकल्प को मजबूत करने के साथ संगठन और समाज के बीच सेवा-भाव के संबंध को और सुदृढ़ करने का अवसर है। बैठक में भाजपा जिला प्रभारी संजय सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री अमरजीत प्रजापति, सनोज साहू और प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, नवीन सिंह, चंदन कुमार, संजय सिंह और गौतम मंडल, जिला मंत्री हिमांशु पटेल एवं शोभा रानी, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा तथा जिला प्रवक्ता रामानंद सिंह, मनोरंजन कुमार और बाल्मीकि सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा मोर्चा अध्यक्ष आशा पासवान, सोनू चन्द्रवंशी, विकास आनंद और अजय सिंह, सभी मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैठक में हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।