लखीसराय में बाढ़ का कहर: जवाहर नवोदय विद्यालय बड़हिया में 26 सितंबर तक अवकाश घोषित
- Post By Admin on Sep 18 2026
लखीसराय : जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़हिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय को 26 सितंबर 2026 तक के लिए बंद कर दिया गया है। विद्यालय परिसर में बाढ़ का पानी लगातार फैले रहने के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शिक्षकों की बैठक में लिए गए प्रस्ताव पर अपनी आधिकारिक सहमति प्रदान करते हुए यह आदेश निर्गत किया है।
इससे पूर्व परिसर में जलभराव के चलते विद्यालय को 9 सितंबर से 17 सितंबर तक बंद रखने की स्वीकृति दी गई थी। हालांकि हालात सामान्य नहीं होने और कैंपस में अब भी बाढ़ का पानी भरे रहने के कारण शिक्षकों की समीक्षा बैठक में छुट्टी की अवधि को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के आलोक में संबंधित आदेश की प्रतिलिपि विद्यालय प्राचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला जन संपर्क पदाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।