बड़हिया गौशाला सोसाइटी की कृषि भूमि की बंदोबस्ती 26 सितंबर को, खुली डाक का एलान

  • Post By Admin on Sep 16 2026
बड़हिया गौशाला सोसाइटी की कृषि भूमि की बंदोबस्ती 26 सितंबर को, खुली डाक का एलान

लखीसराय : अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, लखीसराय द्वारा जारी एक आम सूचना के अनुसार, बड़हिया स्थित श्री रामाश्रय गौशाला सोसाइटी की कृषि योग्य भूमि की बंदोबस्ती वर्ष 2026-27 के लिए खुली डाक (नीलामी) के माध्यम से की जाएगी। यह खुली डाक 26 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित होगी।

प्रशासन द्वारा जारी सूचना के तहत समिति के सभी सदस्यों एवं डाक वक्ताओं को निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होने का आमंत्रण दिया गया है। इच्छुक बोलीदाताओं को नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने से पहले अद्यतन सुरक्षित राशि के रूप में 25,000 रुपये जमा कराने होंगे। सफल एवं उच्चतम डाक वक्ता के नाम पर वर्ष 2026-27 के लिए भूमि की बंदोबस्ती की जाएगी। इसके लिए उच्चतम बोली लगाने वाले प्रतिभागी को डाक की पूरी राशि एकमुश्त जमा करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि डाक की राशि संतोषजनक नहीं पाई जाती है, तो समिति के पास इस नीलामी प्रक्रिया को रद्द करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष बड़हिया को आवश्यक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने, गौशाला सोसाइटी के सचिव व कोषाध्यक्ष को समय पर उपस्थित रहने तथा जिला जन संपर्क पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी को सूचना प्रेषित करने का निर्देश जारी किया है।