लखीसराय में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि जारी, 38,268 लाभुकों को मिला भुगतान

  • Post By Admin on Sep 15 2026
लखीसराय में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि जारी, 38,268 लाभुकों को मिला भुगतान

लखीसराय : बिहार सरकार की ओर से राज्य के पात्र परिवारों को अनुग्रहिक अनुदान की राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भुगतान किया गया। इस राज्यव्यापी भुगतान के तहत कुल 8,27,472 परिवारों के बैंक खातों में 579 करोड़ 23 लाख 4 हजार रुपए की राशि भेजी गई।

इसी क्रम में लखीसराय जिले के 38,268 पात्र परिवारों को 7,000 रुपए प्रति परिवार की दर से कुल 26 करोड़ 78 लाख 76 हजार रुपए की अनुग्रहिक अनुदान राशि दी गई। यह राशि मुख्यमंत्री द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। राशि सीधे खातों में पहुंचने से लाभुक परिवारों को सरकारी सहायता सरल और पारदर्शी तरीके से मिली। डीबीटी व्यवस्था के जरिए बिचौलियों की भूमिका को खत्म करते हुए पात्र परिवारों तक सहायता राशि सीधे पहुंचाना सुनिश्चित किया गया। अनुदान की राशि खाते में आने से लाभुक परिवारों में भी उत्साह का माहौल रहा।

जिला प्रशासन की ओर से पात्र लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और राहत सहायता का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में स्वास्थ्य संबंधी एहतियाती उपाय भी किए जा रहे हैं। सिविल सर्जन लखीसराय की ओर से सभी बाढ़ प्रभावित प्रखंडों में ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध कराया गया है, जिसका संबंधित क्षेत्रों में छिड़काव कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लाभुक परिवारों से अपील की है कि अनुग्रहिक अनुदान की राशि का उपयोग परिवार की आवश्यकताओं और हित में उचित तरीके से करें। किसी प्रकार की परेशानी होने पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा शशि कुमार, सिविल सर्जन जय प्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।